राहुल गांधी के रैली स्थल पर खंभा गिरने से एक कांग्रेस नेता की मौत
देहरादून। छात्रों के गूंज कार्यक्रम के लिए खड़े किए जा रहे जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर के दौरान एक एल्युमिनियम का खंभा वहां खड़े 65 वर्षीय कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कांग्रेसी आनन-फानन में उनको सीएमआई अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें कि कल 17 जुलाई को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संवाद के माध्यम से युवाओं को साधेंगे।
अमर मेहता के बेटे आलोक मेहता महानगर कांग्रेस कमेटी में महामंत्री हैं। बताया गया है कि बृहस्पतिवार की शाम छह बजे अमर अन्य कांग्रेसियों के साथ कार्यक्रम स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचे थे। पंडाल खड़ा किया जा चुका था और उसकी फिटिंग का काम अंतिम चरण में था। इसी दौरान एक एल्युमिनियम का खंभा उनके सिर पर आ गिरा। वरिष्ठ सर्जन डॉ. महेश कुडियाल के अनुसार अमर मेहता के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। काफी प्रयास के बाद भी चिकित्सक उनको बचा नहीं पाए। हादसे की सूचना पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सीएलपी यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष करण महरा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, महामंत्री नवीन जोशी, विधायक आदेश चैहान, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
![]()