सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध, अखोड़ी ग्राम पंचायत में महिला मंगल दल की पहल

रुद्रप्रयाग। क्यूंजा घाटी की ग्राम पंचायत अखोडी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। यहां आयोजित महिला मंगल दल की बैठक में गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष अनीता देवी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
बैठक में सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने और नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव में होने वाले किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन या समारोह में शराब परोसने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। महिलाओं ने कहा कि शराब की वजह से परिवारों में कलह, आर्थिक संकट और सामाजिक असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए यह कदम जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई इस निर्णय का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद महिला मंगल दल के नेतृत्व में गांव में जन-जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान “नशा छोड़ो, समाज जोड़ो” और “स्वस्थ गांव, खुशहाल परिवार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
इस पहल को जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भण्डारी और सामाजिक कार्यकर्ता कुंवर सिंह नेगी ने समर्थन देते हुए महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। महिला मंगल दल की सचिव सुषमा देवी ने कहा कि महिलाओं की एकजुटता से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान रेखा देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रशिम देवी, कोषाध्यक्ष अनीता देवी सहित ममता देवी, मीना देवी, उषा देवी, सरिता देवी, सुनीता देवी, संगीता देवी, प्रेमदेई देवी, शांति देवी, प्रेमलता देवी और गुड्डी देवी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। ग्राम पंचायत अखोडी में लिया गया यह निर्णय न केवल क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बन सकता है।

Loading

Leave A Reply

Your email address will not be published.