सत्य साईं सेवा संगठन का हृदय रोग जांच शिविर दून में 1 नवंबर को - चरित्र समाचार

सत्य साईं सेवा संगठन का हृदय रोग जांच शिविर दून में 1 नवंबर को

-गुजरात के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे मरीजों की जांच

देहरादून। मानव सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड की ओर से आगामी 1 नवंबर को रायपुर रोड स्थित साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल में विशाल निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। आयोजित शिविर में गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद से पहुंचने वाले हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान करेगी। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरत मंद लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों की जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है। सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर को गुजरात की प्रशांति मेडिकल सर्विस का सहयोग प्राप्त हो रहा है। यह संस्था पिछले 26 वर्षों से निस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों के माध्यम से हृदय रोगियों की सहायता कर रही है। इसी सेवा भावना के तहत देहरादून में शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ मिल सके। उनका कहना है कि आर्थिक अभाव के कारण उपचार से मरीज वंचित न रहें।
कर्नल योगेंद्र सिंह ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए हृदय रोगों की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेना कई बार कठिन हो जाता है। वहीं, पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में निःशुल्क चिकित्सा शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत का माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि शिविर में हृदय रोगों से संबंधित प्रारंभिक जांच, स्क्रीनिंग और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उन्हें आगे की जांच और उपचार के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त आर्थिक रूप से कमजोर और निर्धारित पात्रता के अंतर्गत आने वाले मरीजों को आगे के उपचार में सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में संबंधित स्तर पर समझौता ज्ञापन की पहल की जा रही है। शिविर में गुजरात से आने वाली विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सहायता से मरीजों की प्रारंभिक जांच एवं स्क्रीनिंग करेगी। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे की चिकित्सा के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, मानसिक तनाव और शारीरिक गतिविधियों में कमी के बीच हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीने में तेज दर्द, अचानक सांस लेने में कठिनाई अथवा हृदयाघात के अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर शिविर की प्रतीक्षा न करें, बल्कि तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें। कर्नल योगेंद्र सिंह ने कहा कि सत्य साईं सेवा संगठन मानव सेवा को माधव सेवा मानते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन की विभिन्न जन कल्याणकारी गतिविधियां इसी सेवा भावना से प्रेरित हैं। निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर भी इसी संकल्प का हिस्सा है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई व्यक्ति प्रारंभिक जांच और चिकित्सकीय परामर्श से वंचित न रहे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की कि शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद मरीजों को इसकी जानकारी देकर उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर उनके साथ सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड के दीपक नौटियाल, अजय स्वरूप तथा साईं ग्रेस स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर समरजीत सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.