राखी लेकर एसएसपी दून से मिलने पहुंचीं नन्हीं बालिकाएं, बांधी राखी और लिया सुरक्षा का भरोसा
देहरादून: रक्षाबंधन के अवसर पर आज पुलिस लाइन देहरादून स्थित पुलिस मॉर्डन स्कूल एवं PUNNYA THE EXPERIENTIAL SCHOOL की नन्हीं बालिकाओं ने एसएसपी देहरादून से मुलाकात कर उनकी कलाई पर राखी बांधी। वहीं ब्रह्मकुमारी संस्था से पहुंचीं बहनों ने भी एसएसपी को राखी बांधकर उनकी दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान एसएसपी देहरादून ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं को उपहार भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।
एसएसपी ने ब्रह्मकुमारी संस्था से आई बहनों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता या सहायता होने पर वे पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस महिला सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए हर समय उनके साथ खड़ी है।
रक्षाबंधन के इस भावपूर्ण अवसर पर ब्रह्मकुमारी संस्था की बहनों ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में दून पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। बच्चों और पुलिस अधिकारियों के बीच इस आत्मीय मुलाकात ने रक्षाबंधन के पर्व को विश्वास, सुरक्षा और भाईचारे के भाव से और भी खास बना दिया।