चमोली में ल्वाणी के पास कार खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत, तीन घायल
-बांक गांव के एक परिवार के तीन लोगों की दुर्घटना में हुई मौत
-गांव में अपने परिजन की मौत पर अंत्येष्टि में शामिल होने देहरादून से आ रहे थे गांव
देहरादून। चमोली में लोहाजंग सड़क पर ल्वाणी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें बांक गांव के एक परिवार के तीन लोगों की अकाल मौत हो गई। जबकि एक छह वर्षीय बच्चा समेत तीन अन्य घायल हो गए। सभी लोग गांव में अपने परिजन की मौत पर अंत्येष्टि में शामिल होने देहरादून से गांव आ रहे थे।
विकासखंड के बांक गांव के बुजुर्ग भजन सिंह की बीमारी का उपचार देहरादून में चल रहा था। गांव के खुशाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शाम को भजन सिंह का निधन हो गया। उनके परिवारजन भजन का शव एंबुलेंस में और खुद दो कारों में सवार होकर बांक गांव के लिए आ रहे थे। शव लेकर आ रही एंबुलेंस देर रात एक बजे गांव पहुंचा, लेकिन ऋषिकेश में लगे जाम के कारण साथ में चल रहे बलबीर सिंह शनिवार को छह लोगों के साथ करीब चार बजे सुबह ल्वाणी के पास पहुंचे, यहां उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब चार सौ मीटर खाई में गिरी।
उक्त वाहन में देहरादून में इलाज के दौरान मृत व्यक्ति का शव लेकर स्वजन गांव जा रहे थे। पुलिस, डीडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। तीन अन्य बुरी तरह घायल हैं। वाहन देहरादून से बांक गांव आ रहा था। घटना शनिवार सुबह 4 बजे की बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया है। एयर एम्बुलेंस से तीनों घायलों को देहरादून लाया गया है। थानाध्यक्ष मय पुलिस बल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। साथ ही उपजिलाधिकारी को अवगत कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य हेतु डीडीआरफ टीम को भी मौके पर भेजने का अनुरोध किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्व भजन सिंह पुत्र प्रेम सिंह, जिनका देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था, के पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे। वहीं बलबीर सिंह स्वयं वाहन (ईको वैन) से अपने परिजनों के साथ देहरादून से ग्राम बांक, लोहाजंग अंतिम संस्कार हेतु लौट रहे थे। वाहन में कुल 06 व्यक्ति सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
जिसमें बांक गांव के एक ही परिवार के बलवीर सिंह पुत्र नारायण सिंह (50), शांति देवी पत्नी बलवीर सिंह (38), आशीष पुत्र बलवीर सिंह (19) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं इसी गांव के कविता देवी पत्नी खुशाल सिंह (28), रोशनी पुत्री लक्ष्मण सिंह (19) , मयंक पुत्र खुशाल सिंह (6) पर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस व प्राइवेट वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। यहां तीनों घायलों का उपचार के बाद एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेज गया। घायलों में कविता देवी पत्नी खुशाल सिंह, उम्र 32 वर्ष, मयंक सिंह पुत्र खुशाल सिंह, उम्र 08 वर्ष व रोशनी पुत्री लक्ष्मण सिंह, उम्र 18 वर्ष शामिल हैं। मृतकों में बलबीर सिंह पुत्र स्व. नारायण सिंह, निवासी ग्राम बांक लोहाजंग, उम्र 52 वर्ष, शांति देवी पत्नी स्व. बलबीर सिंह, उम्र 48 वर्ष और आंशु बिष्ट पुत्र बलबीर सिंह, उम्र 18 वर्ष शामिल हैं।
![]()