क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर में हिंदी कार्यशाला एवं हिंदी पखवाड़ा का समापन

देहरादून: केंद्रीय रेशम बोर्ड के क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर, देहरादून में हिंदी पखवाड़ा-2026 के समापन समारोह, पुरस्कार वितरण समारोह एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रबंधक (राजभाषा)  महिमानंद भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। हिंदी कार्यशाला के दौरान मुख्य अतिथि महिमानंद भट्ट ने “राजभाषा नीति संबंधी प्रावधान एवं प्रशासनिक कार्यों में हिंदी की भूमिका” विषय पर सारगर्भित एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343 से 351 तक राजभाषा संबंधी प्रावधानों, संघ के शासकीय कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा राजभाषा अधिनियम, 1963 और राजभाषा (संघ के शासकीय प्रयोजनों के लिए प्रयोग) नियम, 1976 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यशाला में राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन के लिए गठित विभिन्न समितियों की भूमिका एवं दायित्वों पर भी चर्चा की गई। प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी प्रयोग तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा नीति के अनुपालन के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025-26 में संघ की राजभाषा नीति के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए केंद्रीय रेशम बोर्ड (वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा हिंदी कर्मचारी रहित कार्यालय (क्षेत्र ‘क’ एवं ‘ख’) श्रेणी में क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए केंद्र को ‘केसरिया राजभाषा शील्ड’ एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

केंद्र में हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर 2026 को हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया था। पखवाड़े के दौरान अधिकारियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों तथा कुशल फार्म कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कुशल फार्म कार्मिकों के लिए 21 सितंबर को हिंदी लेखन प्रतियोगिता तथा 23 सितंबर को कहानी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों के लिए 25 सितंबर को शब्दावली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं एवं सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन केंद्र की नामित हिंदी अधिकारी डॉ. साक्षी वैष्णव ने किया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. पवन सैनी, वैज्ञानिक-डी एवं प्रभारी, क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर के नेतृत्व में किया गया। समापन समारोह हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के संदेश के साथ संपन्न हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी को प्रभावी रूप से अपनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.