उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पाला और कोहरे का अलर्ट, दिसंबर की शुरुआत तक बारिश के आसार नहीं - चरित्र समाचार

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पाला और कोहरे का अलर्ट, दिसंबर की शुरुआत तक बारिश के आसार नहीं

देहरादून- उत्तराखंड में फिलहाल मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। बृहस्पतिवार को दिनभर धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलने के संकेत हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में पाला पड़ने की संभावना है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय कोहरा छा सकता है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में पाले और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। इससे तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 नवंबर से दो दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। दिसंबर के शुरुआती दिनों में भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में फिलहाल प्रदेशवासियों को बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.