पौड़ी में विकसित किया जा रहा इको एडवेंचर पार्क, साहसिक पर्यटन और रोमांच का बनेगा नया केंद्र - चरित्र समाचार

पौड़ी में विकसित किया जा रहा इको एडवेंचर पार्क, साहसिक पर्यटन और रोमांच का बनेगा नया केंद्र

नवाचारी पहल के रूप में विकसित होगा प्रकृति और रोमांच का संगम, जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश

पौड़ी- जनपद मुख्यालय स्थित इको एडवेंचर पार्क को एक नवाचारी पर्यटन परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिला योजना के माध्यम से पार्क को साहसिक पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित करने के साथ ही यहां पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए आधुनिक जनसुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि इको एडवेंचर पार्क को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के बीच रोमांचक गतिविधियों का अनुभव मिल सके। पार्क में साहसिक गतिविधियों के साथ बच्चों के मनोरंजन, परिवारों के लिए सुविधाजनक वातावरण और पर्यटकों के लिए आवश्यक जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इससे पौड़ी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही जनपद को एक नए पर्यटन आकर्षण की पहचान मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग के नीचे बनाए जा रहे टिकट काउंटर का निर्माण दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में बैठने के लिए बेंच लगाने, खाली स्थानों पर फूल-पौधे विकसित करने, वृक्षों को आकर्षक रंगों से सजाने तथा रास्तों पर रंग-रोगन एवं रेलिंग लगाने को कहा। पार्क की चहारदीवारी पर सुरक्षा की दृष्टि से कांटेदार तार लगाने और आवश्यक स्थानों पर साइनेज स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि परिसर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके।

पार्क परिसर में निर्माणाधीन कैफे का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने दीवारों और फर्श को टिकाऊ बनाने तथा सीलन से बचाव के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैफे में लकड़ी का फर्नीचर लगाने और इसकी साज-सज्जा आकर्षक बनाने को कहा, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।

एडवेंचर गतिविधियों के सुरक्षित संचालन को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारियों को पौड़ी एवं पालकोट स्थित इको एडवेंचर पार्कों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल लगाने और विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा, ताकि पार्क में प्रस्तावित गतिविधियों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा सके।

जिलाधिकारी ने पार्किंग सुविधा को बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा संबंधित निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, जिससे पार्क को शीघ्र संचालन के लिए तैयार किया जा सके। यह नवाचारी पहल पौड़ी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को प्रकृति के बीच मनोरंजन एवं रोमांच का नया अनुभव प्रदान करेगी।

पार्क में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों के झूले लगाने तथा ओपन जिम के उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे स्थानीय लोग भी नियमित रूप से यहां पहुंच सकें और पर्यटकों के साथ परिवारों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।

निरीक्षण के दौरान वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत, पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी, संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता वीबीजीरामजी उपेंद्र शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.