आम आदमी पार्टी कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने निकाला शांति एवं एकता मार्च
देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं द्वारा शांति एवं एकता मार्च का आयोजन किया गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यह शांति एवं एकता मार्च एफ आर आई गेट से प्रारंभ होकर बसंत विहार इंदिरा नगर होते हुए आईटीबीपी तक निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा एवं गांधीजी के संदेशों से संबंधित तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से मार्च किया। इस दौरान “सत्य और अहिंसा अमर रहें”, “महात्मा गांधी अमर रहें”, “हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई, आपस में हैं भाई-भाई” सहित एकता और भाईचारे के नारे लगाए गए।
महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता आंदोलन में एकजुट किया। उनका जीवन आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। वर्तमान समय में गांधीजी के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। समाज में आपसी सद्भाव, शांति, समानता और भाईचारे को मजबूत करना ही गांधीजी को सच्ची श्रद्धांजलि है।
मार्च के दौरान ंच प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल राजनीतिक व्यवस्था से नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और संवाद की भावना से होती है। गांधीजी ने हमेशा कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा समाज में अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने की बात कही। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में नफरत के बजाय प्रेम, हिंसा के बजाय अहिंसा और विभाजन के बजाय एकता को बढ़ावा देना आवश्यक है। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी जयंती के अवसर पर संकल्प लिया कि वे समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे तथा महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश सचिव श्याम बाबू पाण्डेय, विपिन खन्ना, सुधा पटवाल, महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री, सी पी सिंह, चन्द्र शेखर भट्ट, शैलेश तिवारी, कमल राणा, अशफाक, श्याम लाल नाथ, डी एस कौटिल्य, अक्षय शर्मा, सीमा कश्यप, प्रकाश शर्मा के साथ अन्य विधान सभाओं के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया।