अतिरुद्र महायज्ञ के षष्ठम दिवस वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ यज्ञ, अनंत भगवान का विशेष पूजन
-लोककल्याण और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ अतिरुद्र महायज्ञ में दी गई आहुतियां
ऋषिकेश। शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान, जनार्दन आश्रम, दंडी बाड़ा, मायाकुंड ऋषिकेश में चल रहे अतिरुद्र महायज्ञ के षष्ठम दिवस वैदिक ब्राह्मणों ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञकुंडों में निर्धारित आहुतियां प्रदान कीं। शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम की पावन स्मृति एवं संत परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
अनंत चतुर्दशी के पुण्य पर्व पर भगवान विष्णु के स्वरूप अनंत भगवान का विशेष पूजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोककल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। षष्ठम दिवस के मुख्य यजमान प्रसिद्ध व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल करनाल, डोईवाला से गगन गोयल विशेष रूप से शामिल हुए। दंडी स्वामी अनिरुद्धानंद तीर्थ के सानिध्य में आयोजित यज्ञ के संयोजक ब्रह्मचारी केशव स्वरूप महाराज ने कहा कि यह महायज्ञ सभी भक्तों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसमें समस्त जीवों के कल्याण की भावना निहित है।
उन्होंने कहा कि शास्त्रों और पुराणों में भगवान को प्रसन्न करने का श्रेष्ठ साधन यज्ञ को बताया गया है। भगवत प्राप्ति के विभिन्न साधनों में विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक किया गया यज्ञ विशेष महत्व रखता है। श्रद्धा से किया गया यज्ञ लोककल्याण के साथ राष्ट्र की सुख-समृद्धि का भी कारक बनता है।
महायज्ञ में गंगानगर राजस्थान से पधारे ब्रह्मचारी कल्याण स्वरूप, अच्युतानंद महाराज, बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल, यूकेडी नेता आशीष नेगी, कांग्रेस नेता शूरवीर सिंह सजवाण, नगर पालिका मुनिकीरेती अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, सरोज डिमरी, भाजपा नेता दिनेश सती सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने पहुंचकर यज्ञ में आहुति दी और संतों का आशीर्वाद ग्रहण किया।
यज्ञ के मुख्य आचार्य राकेश बहुगुणा, आचार्य मनोज नौटियाल, आचार्य जयानंद सेमवाल, आचार्य गंगाराम व्यास, डॉक्टर जनार्दन प्रसाद कैरवान, जितेंद्र प्रसाद भट्ट, आचार्य शिव प्रसाद सेमवाल, कथा वाचक शिवस्वरूप नौटियाल, आचार्य नरेंद्र सकलानी, सुभाष डोभाल, अभिषेक शर्मा, सूरज बिजल्वाण, आचार्य शंकर भट्ट एवं आचार्य सुरेश पंत सहित अन्य विद्वान आचार्य मौजूद रहे। इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी संजय शास्त्री, शैलेंद्र मिश्रा, डॉ. राजेश नैथानी एवं एल.पी. पुरोहित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।