नरेंद्रनगर महाविद्यालय में नवनिर्मित महिला छात्रावास एवं आईटी लैब के निर्माण कार्यों का तृतीय पक्ष ने किया निरीक्षण
नरेंद्रनगर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) में एसएएससीआई परियोजना के अंतर्गत नव-निर्मित महिला छात्रावास एवं आईटी लैब के निर्माण कार्यों का तृतीय पक्ष द्वारा निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं मानकों की पुष्टि करना था।
गठित संयुक्त निरीक्षण समिति द्वारा स्थल पर पहुंचकर सभी निर्माण कार्यों का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि डीपीआर प्रावधानों के अनुरूप सिविल एवं विद्युत-यांत्रिकी कार्य संतोषजनक ढंग से पूर्ण किए गए हैं।समिति के अध्यक्ष के रूप में प्राचार्य खाड़ी महाविद्यालय प्रो० ए० के० सिंह, नोडल अधिकारी, उच्च शिक्षा के नेतृत्व में यह निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समिति के अन्य सदस्यों में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ई० प्रवीण करणवाल, नरेंद्रनगर कॉलेज प्राचार्य प्रो० प्रणिता नन्द, ब्रिडकुल के प्रतिनिधि सुभाष अन्थवाल एवं जसवीर सजवाण, तथा डॉ० संजय सिंह महर नोडल अधिकारी, मॉडल कॉलेज शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान समिति द्वारा कुछ सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए, जिनमें महिला छात्रावास के मुख्य प्रवेश मार्ग पर तीव्र ढलान को संतुलित करते हुए समतलीकरण एवं दोनों ओर सीढ़ियों का निर्माण, कुछ कमरों में पाई गई सीलन की समस्या का निराकरण, इंटरडिस्प्ले पैनल के लिए पोडियम निर्माण एवं उनकी ऊंचाई में वृद्धि, बाथरूम में आवश्यक शीशों की व्यवस्था तथा जलापूर्ति हेतु मोटर एवं अतिरिक्त जल टंकियों की स्थापना शामिल है। इन सभी सुझावों पर कार्यदायी संस्था द्वारा शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है। समिति ने समग्र रूप से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आवश्यक सुधारों के साथ उपरोक्त भवन छात्राओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक वातावरण प्रदान करेंगी ।
![]()